अंगूठा लगवाकर किसान के खाते से उड़ाए साढ़े चार हजार रूपए

क्षेत्र में जालसाजी गैंग सक्रिय पहले पिछले दिनों दो महिलाओं को लगा चुके हैं चूना

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम भीखनपुर में एक किसान के साथ ठगी का मामला सामने आया है। किसान लाल सिंह पुत्र अर्जुन सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनका खाता उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में संचालित है, जिसमें 4 हजार 500 रूपए थे। सोमवार सुबह खेत में चारा लेने गए किसान से एक अज्ञात बाइक सवार युवक ने किसान सम्मान निधि की किस्त जांचने के बहाने आधार कार्ड मांग लिया।

युवक ने मशीन से जालसाजी कर अंगूठा लगवाया और यह कहकर चला गया कि किस्त नहीं आई है। बाद में किसान को पता चला कि खाते से 4 हजार 500 रूपए निकाले जा चुके हैं।इसी तरह 17 अक्टूबर को ई-श्रम कार्ड के नाम पर दो महिलाओं के साथ भी ठगी की वारदातें सामने आई थीं।

कोठी कैस्त की रागिनी देवी के खाते से 9 हजार 900 रूपए और 16अक्टूबर को सलेमपुर की नीलम देवी के खाते से भी 9 हजार 900 की रकम एक बाइक सवार युवक ने अंगूठा लगवाकर उड़ा दी थी। पुलिस को आशंका है कि तीनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय है। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि मामलों की गहनता से जांच की जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति को ना ही अपना आधार नंबर न दें और ना ही अंगूठा लगाएं।

Related Articles

Back to top button