गाजियाबाद में किसानों की बड़ी हुंकार; किसान यूनियन ने उतारी नई ‘फौज’, इन दिग्गजों को मिली कमान

गाजियाबाद। भारतीय किसान यूनियन संघर्ष अराजनैतिक के संगठन विस्तार कार्यक्रम के तहत आज गाजियाबाद जनपद में संगठन को और अधिक सशक्त किया गया। यह कार्यक्रम जिलाध्यक्ष संदीप चौधरी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। संगठन विस्तार के दौरान ग्राम रहीसपुर निवासी अमरजीत चौधरी को वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष, अकक्षक जाट को जिला सचिव, विकास तोमर को जिला उपाध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ तथा साहब सिंह को गोविंदपुरम उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संदीप चौधरी ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ आगे बढ़ाने का कार्य सभी किसान योद्धा करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
अंत में सभी पदाधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।
आवासीय क्षेत्र में अवैध मोबाइल वाई-फाई टावर निर्माण पर दा मानसी सहकार आवास समिति की शिकायत
गाजियाबाद। संजय नगर सेक्टर-23 स्थित दा मानसी सहकार आवास समिति ने पूर्णतः आवासीय क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से मोबाइल वाई-फाई टावर लगाए जाने को लेकर कड़ा विरोध जताया है। समिति द्वारा दी गई शिकायत में बताया गया कि मकान संख्या 1532, गुलधर रईसपुर रोड, विपलेश्वर मंदिर के सामने संजय नगर सेक्टर-23 में एक मोबाइल एवं वाई-फाई टावर का निर्माण/स्थापना कार्य किया जा रहा है।

समिति के अनुसार, यह क्षेत्र पूर्ण रूप से आवासीय है, जहां इस प्रकार का निर्माण भवन की संरचनात्मक मजबूती को प्रभावित कर सकता है। साथ ही, क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की गंभीर आशंका बनी हुई है। आरोप है कि टावर की स्थापना से पूर्व न तो किसी प्रकार की सार्वजनिक सूचना दी गई और न ही स्थानीय निवासियों की सहमति ली गई।
दा मानसी सहकार आवास समिति ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण से मांग की है कि उक्त स्थल की तत्काल जांच कराई जाए और जनस्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नव-निर्मित टावर को तुरंत हटाने की कार्रवाई की जाए। साथ ही, संबंधित व्यक्ति कंपनी के विरुद्ध नियमों के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।



