सर्पदंश से बचाव को किसानों को किया जागरूक
नायब तहसीलदार की पहल पर सर्प मित्र ने बताए सांपों की पहचान और सुरक्षित उपचार के उपाय,झाड़-फूंक से बचने की दी सलाह

जसवंतनगर,इटावा। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को ब्लॉक सभागार स्थित प्रेरणा सभागार में सर्पदंश से बचाव, सांपों की पहचान, उपचार और संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नायब तहसीलदार नेहा सचान की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय किसानों,ग्रामीणों और कर्मचारियों को सर्पदंश की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक एवं वन्यजीव विशेषज्ञ, ओशन संस्था के महासचिव तथा सर्प मित्र डॉ.आशीष त्रिपाठी ने जनपद में पाए जाने वाले विभिन्न प्रजातियों के सांपों की पहचान और उनके व्यवहार के बारे में सरल तरीके से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिकांश सांप विषहीन होते हैं, जबकि कोबरा, करैत और रसेल वाइपर जैसे विषैले सांपों के काटने पर तत्काल चिकित्सकीय उपचार जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सर्पदंश होने पर घबराने के बजाय पीड़ित को समय गंवाए बिना नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल पहुंचाना चाहिए। वहां चिकित्सकीय जांच के बाद आवश्यकतानुसार एंटीवेनम दिया जाता है। उन्होंने झाड़-फूंक, अंधविश्वास और घरेलू उपचार से बचने की अपील की। साथ ही अस्पताल पहुंचने तक पीड़ित को शांत रखने और सुरक्षित तरीके से ले जाने की जानकारी दी।
नायब तहसीलदार नेहा सचान ने बताया कि इटावा के एक वृद्धाश्रम में उनकी मुलाकात डॉ. आशीष त्रिपाठी से हुई थी। सर्पदंश की घटनाओं को लेकर हुई चर्चा के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने की पहल की गई। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और समय पर उपचार से सर्पदंश से होने वाली जनहानि को रोका जा सकता है। उन्होंने सर्पदंश सहित वन्यजीवों से जुड़ी घटनाओं में शासन के नियमानुसार मिलने वाली आर्थिक सहायता की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में एडीओ कृषि बलवीर सिंह, एडीओ पंचायत देवेंद्र पाल सिंह, लेखपाल अनुराग यादव सहित अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान सांपों के पर्यावरणीय महत्व और संरक्षण के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।



