रक्षाबंधन पर महिला सुरक्षा को लेकर गाजियाबाद पुलिस अलर्ट, ‘ऑपरेशन डिकोय’ शुरू

गाजियाबाद। आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस ने महिला सुरक्षा के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पूरे कमिश्नरेट में ‘ऑपरेशन डिकोय’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत एंटी-रोमियो स्क्वाड और मिशन शक्ति की टीमें भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी कर रही हैं।

पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिंडन, सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली एवं सहायक पुलिस आयुक्त महिला अपराध के निर्देशन में पुलिस टीमों को स्कूल-कॉलेज, बाजार, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सक्रिय किया गया है। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर सादे कपड़ों के साथ-साथ वर्दी में महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।

अभियान के दौरान पुलिसकर्मी संदिग्ध एवं अवांछित गतिविधियों में शामिल युवकों पर विशेष नजर रख रहे हैं। शरारती तत्वों को मौके पर पकड़कर थाने लाया जा रहा है। पुलिस द्वारा उन्हें चेतावनी देने के साथ-साथ आवश्यकता के अनुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।

पुलिस आयुक्त ने विशेष रूप से स्कूल और कॉलेजों की छुट्टी के समय महिला पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में तैनात रहकर सतर्क निगरानी के निर्देश दिए हैं। छेड़खानी या ईव-टीजिंग की शिकायत मिलने पर एंटी-रोमियो स्क्वाड और मिशन शक्ति की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेंगी। जरूरत पड़ने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रक्षाबंधन पर्व के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। कमिश्नरेट के सभी जोन में अभियान प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है और पुलिस टीमें लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही हैं।

Related Articles

Back to top button