हीट वेव की चपेट में किसान की मौत
किसान परिवार में मचा कोहरा

जसवंतनगर,इटावा। चक सलेमपुर निवासी किसान रामबहादुर सिंह की हीट वेव की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया है कि रामबहादुर सिंह अपने खेत पर गए थे। खेत पर काम के दौरान उन्हें तेज गर्मी और हीट वेव का असर महसूस हुआ,जिसके बाद वह पास ही एक आम के पेड़ के नीचे बैठ गए। लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई लेकर पहुंचे,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के छोटे भाई अटल बिहारी ने बताया कि उनके बड़े भाई रामबहादुर सिंह बीते दिवस पूरी तरह स्वस्थ थे,लेकिन दिन में अत्यधिक गर्मी और लू के कारण उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी।
मृतक के दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं जिनमें एक पुत्र व एक पुत्री की शादी हो चुकी है जबकि एक पुत्र व एक पुत्री अविवाहित है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



