बढ़े संपत्ति कर पर बनेगी रिपोर्ट, मुख्यमंत्री को भेजी जाएगी– असीम अरुण

गाजियाबाद। नगर में बढ़े संपत्ति कर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इसी विषय पर पार्षद वेलफेयर एसोसिएशन के 21 सदस्यों ने हस्ताक्षर कर एक पत्र जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण को सौंपा।
पार्षदों ने पत्र में बताया कि 30 जून 2025 को हुई नगर निगम की बोर्ड बैठक में सभी पार्षदों, पदेन सदस्यों एवं महापौर सुनीता दयाल द्वारा बढ़े संपत्ति कर को सर्वसम्मति से निरस्त कर दिया गया था। इसके बावजूद निगम अधिकारी शहर में बढ़ा हुआ संपत्ति कर वसूल रहे हैं, जिससे नगर की जनता में भारी रोष है।
पार्षदों ने कहा कि बढ़ा संपत्ति कर नगर के हर वर्ग को प्रभावित कर रहा है और कई नागरिक अज्ञानता या मजबूरी में यह कर जमा भी करा चुके हैं। इसके अलावा बोर्ड बैठक के मिनट्स अभी तक पार्षदों को नहीं दिए गए, जबकि उनके कुछ पन्ने सोशल मीडिया पर लीक हो चुके हैं, जो पूरी तरह गोपनीय दस्तावेज हैं।
प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि इस विषय पर उनकी मुख्यमंत्री से वार्ता हो चुकी है और वे जल्द ही एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री को सौंपेंगे ताकि उचित निर्णय लिया जा सके।
इस अवसर पर पार्षद नीरज गोयल, हिमांशु शर्मा, गौरव सोलंकी, पूनम सिंह, कुसुम मनोज गोयल, शशि गौतम, शिल्पा चौधरी, मिथलेश तीतोरिया, नीलम भारद्वाज, रुखसाना सैफी, प्रतिमा शर्मा, रेखा गोस्वामी, देव नारायण, ओम प्रकाश ओढ, राजीव भाटी, अनिल तोमर, राजकुमार राजू, रामनिवास बंसल, प्रमोद राधव, सतेंद्र चौधरी एवं पूर्व पार्षद जाकिर सैफी उपस्थित रहे और हस्ताक्षर कर पत्र सौंपा।



