घर बैठे मोबाइल से मिनटों में डाउनलोड करें e-Aadhaar, PDF पासवर्ड खोलने का तरीका भी जानें

e-Aadhaar Download Online: सफर के दौरान या किसी सरकारी व गैर-सरकारी काम के वक्त अगर आपके पास आधार कार्ड की मूल कॉपी मौजूद नहीं है, तो किसी आधार सेवा केंद्र के चक्कर काटने या एजेंटों को पैसे देने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) आम नागरिकों को घर बैठे अपने स्मार्टफोन से डिजिटल e-Aadhaar कार्ड मुफ्त में डाउनलोड करने की बेहद आसान सुविधा देता है। यह ई-आधार कार्ड कानूनी तौर पर हर जगह पूरी तरह मान्य होता है, जिसे यूआईडीएआई डिजिटल सिग्नेचर के साथ जारी करता है। इसे आप अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर में सुरक्षित सेव रख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर किसी भी साइबर कैफे से इसका प्रिंट आउट भी निकलवा सकते हैं।
ऐसे डिजिटल आधार करें डाउनलोड
डिजिटल आधार डाउनलोड करने की प्रक्रिया बेहद सीधी और सुरक्षित है। इसके लिए सबसे पहले आपको अपने मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउजर में यूआईडीएआई के आधिकारिक myAadhaar पोर्टल (myaadhaar.uidai.gov.in) पर जाना होगा। होमपेज पर दिए गए ‘Download Aadhaar’ विकल्प पर क्लिक करते ही स्क्रीन पर तीन विकल्प दिखाई देंगे- Aadhaar Number, Enrolment ID (EID) और Virtual ID (VID)। इनमें से किसी भी एक विकल्प को चुनकर संबंधित जानकारी और स्क्रीन पर प्रदर्शित कैप्चा सिक्योरिटी कोड दर्ज करना होता है।
DL रखने वालों की बल्ले-बल्ले! केंद्र सरकार ने खत्म किए ये सारे नियम, अब जेब पर नहीं पड़ेगा असर
इसके बाद ‘Send OTP’ पर क्लिक करते ही आपके आधार से लिंक रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर छह अंकों का वन-टाइम पासवर्ड प्राप्त होगा। जैसे ही आप ओटीपी दर्ज कर सबमिट करेंगे, वेरिफिकेशन पूरा होते ही आपके डिवाइस में ई-आधार की पासवर्ड प्रोटेक्टेड पीडीएफ फाइल डाउनलोड हो जाएगी।
पीडीएफ ओपन करने का तरीका जानें
अक्सर देखा जाता है कि ई-आधार की पीडीएफ फाइल डाउनलोड होने के बाद उपयोगकर्ता उसे खोल नहीं पाते, क्योंकि सुरक्षा कारणों से फाइल 8 अक्षरों के गुप्त पासवर्ड से लॉक होती है। इस पीडीएफ फाइल का पासवर्ड आपके नाम के पहले चार अंग्रेजी अक्षर (कैपिटल लेटर्स में) और आपके जन्म का वर्ष (YYYY फॉर्मेट) होता है। इसे आसान उदाहरण से समझें तो यदि किसी व्यक्ति का नाम आधार कार्ड पर RAHUL KUMAR है और उनका जन्म वर्ष 1998 है, तो उस पीडीएफ फाइल को खोलने का पासवर्ड RAHU1998 होगा। पासवर्ड दर्ज करते ही आपकी डिजिटल कॉपी स्क्रीन पर खुल जाएगी, जिसे आप बिना किसी झंझट के कहीं भी पहचान प्रमाण के तौर पर दिखा सकते हैं।



