सीवर लाइन डालने के दौरान टूटी पेयजल पाइपलाइन, दो दिन से पानी को तरसे लोग
तुलसी निकेतन में 15 हजार आबादी परेशान, दो टैंकरों से भी नहीं हो पा रही पानी की पूर्ति

साहिबाबाद। भोपुरा के पास तुलसी निकेतन कॉलोनी में गगन विहार के लिए सीवर लाइन डालने के दौरान पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते कॉलोनी में दो दिन से पानी की आपूर्ति ठप है। पानी की किल्लत से परेशान लोगों को मंगलवार को टैंकरों के सहारे रहना पड़ा। वहीं, स्थानीय निवासियों ने सीवर लाइन डालने का काम रुकवा दिया है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष कुलदीप कसाना ने बताया कि जेसीबी से खोदाई के दौरान पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है। कॉलोनी में करीब 15 हजार लोग रहते हैं। मंगलवार को पानी की आपूर्ति के लिए दो टैंकर भेजे गए, लेकिन इतनी बड़ी आबादी के लिए यह पर्याप्त नहीं हैं। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कुलदीप कसाना का कहना है कि जब तुलसी निकेतन कॉलोनी में सीवर लाइन नहीं डाली गई है, तो गगन विहार के लिए यहां से सीवर लाइन डालने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने मांग की कि गगन विहार के लिए सीवर लाइन तुलसी निकेतन कॉलोनी के बाहर से डाली जाए।
क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत जारी
जीडीए के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सीवर लाइन कॉलोनी के एक किनारे से डाली जा रही है। आगे चलकर तुलसी निकेतन की सीवर लाइन को भी इससे जोड़ा जा सकता है। क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन को ठीक कराया जा रहा है।



