चलती ट्रेन से गिरा युवक दोनों पैर कटे: हालत गम्भीर
इटावा के साम्हों में दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर हुआ हादसा

भरथना,इटावा। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर साम्हो रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे चलती ट्रेन से फिसलकर नीचे गिरे युवक के दोनों पैर कट गए।
गंभीर हालत में उसे भरथना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
औरैया जनपद के थाना कुदरकोट क्षेत्र के ग्राम रूरु हमीरपुर निवासी बृजमोहन ने बताया कि उनका चचेरा भाई राम प्रताप सिंह बाराबंकी स्थित बीयर फैक्ट्री में कार्य करता है।
वह हाथरस में अपने दोस्त की शादी समारोह में शामिल होने के बाद सोमवार सुबह टूंडला रेलवे स्टेशन से गाड़ी संख्या 09421 डाउन साबरमती-दुर्गापुर स्पेशल एक्सप्रेस में सवार होकर लखनऊ,बाराबंकी जा रहा था।
जैसे ही ट्रेन साम्हो रेलवे स्टेशन के पास निर्धारित गति से गुजर रही थी,तभी गेट के पास खड़े राम प्रताप का पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिरकर उसकी चपेट में आ गया। हादसे में उसके दोनों पैर कट गए।
घटना की जानकारी मिलने पर स्टेशन मास्टर ने तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल को भरथना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहां रामप्रताप द्वारा बताए गए मोबाइल नंबरों के आधार पर उसके स्वजनों को सूचना दी गई। घायल के पिता गजेंद्र सिंह ने बताया कि उनका पुत्र हाथरस से शादी समारोह में शामिल होकर बाराबंकी लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।



