निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण का डीएम ने किया निरीक्षण

निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर हुई बैठक में डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश

भरथना,इटावा। निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को मिडिल स्कूल प्रांगण में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की उपस्थिति में निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सभी बीएलओ को मतदाता सूची को शुद्ध,पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने,अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों को दुरुस्त कराने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने पुनरीक्षण कार्यक्रम से जुड़े कार्यों को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा करने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता बताई,ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।

बैठक में नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा,उपजिलाधिकारी भरथना काव्या सी., तहसीलदार हर्ष निशांत, पालिकाध्यक्ष अजय यादव “गुल्लू”, समेत नगर पालिका के तमाम अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक जानकारियां साझा की गईं।

Related Articles

Back to top button