चार दिन से लापता पति की तलाश में भटक रही पत्नी

शादी में शामिल होने आए थे देव सिंह, 23 नवंबर से मोबाइल भी है बंद

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के नगला अर्जुन गांव में शादी समारोह में शामिल होने आए 40 वर्षीय देव सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। चार दिन बीतने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर पत्नी गीता देवी ने गुरुवार को थाना पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार मध्य प्रदेश के भिंड जिले के ग्राम भवानीपुर निवासी गीता देवी अपने पति देव सिंह के साथ 20 नवंबर को शादी समारोह में शामिल होने नगला अर्जुन आई थीं। 23 नवंबर की शाम करीब सात बजे उनके पति बिना बताए कहीं चले गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उनकी तलाश की गई और फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला।

पत्नी ने पति के फिरोजाबाद निवासी दोस्त राहुल कुमार से भी फोन पर जानकारी ली। दोस्त ने देव सिंह के घर वापस आने की बात कही, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका। पति के लापता होने से परेशान पत्नी ने पुलिस से गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button