मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक

17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दर्ज होंगे दावे-आपत्तियां, बीएलए और बीएलओ करेंगे मतदाता सूची का सत्यापन

गाजियाबाद। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में महात्मा गांधी सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। डीएम ने बताया कि 17 नवंबर को आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया चलेगी।

जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करने की अपील की। उन्होंने बताया कि 17 से 20 नवंबर तक बीएलए अपने संबंधित बूथों पर बीएलओ के साथ मतदाता सूची का अवलोकन और सत्यापन करेंगे।

बैठक में हेल्प डेस्क, पदाभिहित अधिकारियों, ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर और निर्वाचन संबंधी सहायता के लिए डीसीसी-1950 की जानकारी भी दी गई। डीएम ने कहा कि पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

बैठक में भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने पुनरीक्षण कार्य में प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Related Articles

Back to top button