बारिश में ट्यूबवेल की कोठरी जमीन में धंसी

10 डीएपी,10 यूरिया बोरी समेत कृषि पाइप व सामग्री मलबे में दबी, तीन लाख का नुकसान

जसवंतनगर,इटावा। इटावा पूरे जनपद में लगातार हो रही बारिश के चलते जसवंतनगर क्षेत्र के गांव तमेरा में रविवार दोपहर करीब दो बजे एक निजी नलकूप की पुरानी बोरिंग अचानक धंस गई। बोरिंग के ऊपर बनी ट्यूबवेल की कोठरी भरभराकर जमीन में समा गई। कोठरी की दीवारों और छत की ईंटें आसपास बिखर गईं। हादसे में कोठरी के अंदर रखा खाद, कृषि सामग्री और अन्य सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।

ग्राम कुरसेना निवासी उदयवीर सिंह ने बताया कि तमेरा स्थित उनके खेत में ट्यूबवेल की कोठरी बनी हुई थी। इसमें 10 बोरी डीएपी और 10 बोरी यूरिया रखा था। इसके अलावा नई बोरिंग कराने के लिए खरीदे गए पाइप, कृषि यंत्र और अन्य सामग्री भी कोठरी में रखी थी। अचानक बोरिंग धंसने से पूरी कोठरी ढह गई और सामान मलबे में दब गया।

उदयवीर सिंह के अनुसार नष्ट हुई खाद व अन्य कृषि सामग्री की कीमत करीब एक लाख रुपये है, जबकि कोठरी के निर्माण में करीब दो लाख रुपये खर्च हुए थे। इस तरह उन्हें करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।पीड़ित ने स्थानीय प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर नुकसान का आकलन कराने और प्राकृतिक आपदा के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

इस संबंध में तहसीलदार नेहा सचान से बात की गई तो उन्होंनो बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेज कर जाँच करने के बाद रिपोर्ट बना कर अधिकारियों को भेज दी जाएगी नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का कार्य करेंगे।

Related Articles

Back to top button