गड्ढे-झाड़ियों में तब्दील हुई जर्जर सड़क:हादसों का बढ़ा खतरा

15 किमी सड़क जर्जर सड़क को है मरम्मत का इंतजार

जसवंतनगर,इटावा।  जसवंतनगर क्षेत्र से बम्बा किनारे होकर बलरई थाना क्षेत्र से गुजरते हुए फिरोजाबाद और आगरा जनपद को जोड़ने वाली करीब 15 किलोमीटर लंबी सड़क बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। सड़क के एक ओर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जबकि दूसरी ओर झाड़ियां इतनी बढ़ चुकी हैं कि रास्ता संकरा और जोखिम भरा हो गया है।

इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों बाइक सवार,दर्जनों स्कूली वाहन,साइकिल सवार,ऑटो और ई-रिक्शा गुजरते हैं। दिन में किसी तरह लोग सावधानी से निकल जाते हैं,लेकिन रात के समय स्थिति और खतरनाक हो जाती है। सामने से आने वाले वाहनों की तेज रोशनी के कारण राहगीरों को सड़क का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे बाइक व साइकिल सवार गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों राकेश,सोनू,रमेश,बहादुर, शिवपाल,शिवप्रसाद, हाकिम सिंह, गजाधर, राजेन्द्र, सुभाष,रामसेवक, भूरे,रोहित,सुनील आदि का कहना है कि इस सड़क पर करीब एक सैकड़ा से अधिक गड्ढे हो चुके हैं और कई स्थानों पर डीसी सरफेस पूरी तरह उखड़ गया है। बरसात के दौरान हालात और खराब होने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों और राहगीरों ने कई बार सड़क की मरम्मत की मांग उठाई,लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि,इस संबंध में प्रांतीय खंड के जेई हरनाम सिंह ने बताया कि उन्होंने सड़क का निरीक्षण कर रिपोर्ट शासन को भेज दी है। बजट स्वीकृत होते ही जून माह तक पैचिंग कार्य कराकर सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा।

फिलहाल इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग उठ रही है।

Related Articles

Back to top button