रावण दूत ने नगर में की मुनादी, कहा- ‘नगर में शुरू हो गया रावण राज’

गाजियाबाद। “हा हा हा… नगर में रावण राज शुरू हो गया है। अब हर कोई राजा रावण का ही नाम जपेगा। किसी ने भी राम का नाम लिया तो उसे दंड दिया जाएगा।” ढोल की थाप और कर्कश आवाज के साथ रावण के दूत ने नगर में यह मुनादी की। रावण दूत को देखने के लिए बच्चों, महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े।
श्री सुल्लामल रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित रामलीला का शुभारंभ रविवार को रावण के दूत की मुनादी से हुआ। शाम छह बजे ठाकुरद्वारा मंदिर से ‘रावण का दूत—मक्खी चूस’ हास्य कलाकार की झांकी निकाली गई।
उस्ताद अशोक गोयल, अध्यक्ष अजय बंसल एवं सवारी मंत्री अजय गुप्ता ने पूजा-अर्चना कर रावण दूत की सवारी को रवाना किया। सवारी ठाकुरद्वारा मंदिर से प्रारंभ होकर दिल्ली गेट, चौपला मंदिर, डासना गेट, रमतेराम रोड, राइटगंज और अग्रसेन बाजार होते हुए वापस ठाकुरद्वारा मंदिर पहुंची।
नगर भ्रमण के दौरान रावण के दूत ने ढोल बजाकर मुनादी करते हुए लोगों को चेताया कि यदि किसी ने राम का नाम लिया तो स्वयं राजा रावण उसे दंडित करेंगे। रावण दूत की अनोखी झांकी और मुनादी को देखने के लिए मार्ग में जगह-जगह लोगों की भीड़ जमा हो गई। बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रावण के दूत की भूमिका वीरेंद्र कुमार कंडेरे ने बखूबी निभाई।
सवारी में संजीव मित्तल, अनिल चौधरी, नरेश अग्रवाल, प्रदीप मित्तल, सुधीर गोयल मोनू, रविंद्र मित्तल, वीरो बाबा, दिनेश शर्मा बब्बे, नंद किशोर शर्मा, सुभाष शर्मा, हिमांशु, शिवांशु गर्ग, सुभाष चंद्र बजरंगी, प्रदीप गर्ग, अजय, नितिन मित्तल, श्रवण अग्रवाल, सुनील कुमार शिरो, लव पंडित, सचिन मित्तल, कुश बजरंगी, पवन काश्यप, अजय नंदा, विवेक, पार्षद नीरज गोयल सहित कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।



