बहू को पीटकर घर से निकाला, जान से मारने की मिली धमकी

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र के ग्राम कटेखेरा सराय भूपत निवासी एक महिला हेमा देवी पत्नी अनुज कुमार ने अपने पति, सास और ससुर पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता हेमा के अनुसार 11 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11 बजे उसके पति अनुज यादव ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। महिला का कहना है कि घटना के दौरान गांव के कई लोगों ने पूरा घटनाक्रम देखा। आरोप है कि इसके बाद ससुर आशाराम और सास अनीता देवी ने भी उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे घर से बाहर निकाल दिया।

महिला ने बताया कि उसने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि जब वह शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने जा रही थी, तभी रास्ते में पति, सास और ससुर ने दोबारा उसके साथ मारपीट की। साथ ही उसे घर में रहने से भी रोक दिया गया।

पीड़िता ने 13 जुलाई को पुलिस में लिखित शिकायत देकर आरोपी पति अनुज यादव, ससुर आशाराम और सास अनीता देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष कमल भाटी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button