ब्रह्माणी मंदिर में उमड़ी आस्था की भीड़

नवमी पर मां सिद्धिदात्री के स्वरूप में हुआ माता का भव्य श्रृंगार

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र में यमुना नदी की तलहटी में स्थित प्राचीन मां ब्रह्माणी देवी मंदिर में सोमवार को नवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मां सिद्धिदात्री के स्वरूप में माता का भव्य श्रृंगार किया गया। सुबह पांच बजे पूजा-अर्चना के साथ मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए।

सोमवार होने के कारण आसपास के सैकड़ों गांवों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। आसपास के कई जिलों के अलावा मध्यप्रदेश और राजस्थान से भी श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

मान्यता के अनुसार, आसपास के गांवों से आने वाली महिलाओं ने अपने नन्हें-मुन्ने बच्चों के मुंडन संस्कार भी मंदिर परिसर में कराए। इससे पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। सीओ आयुषी सिंह, थानाध्यक्ष आलोक कुमार, उपनिरीक्षक शेर सिंह तोमर, पीएसी के जवानों के साथ महिला और पुरुष पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे। पुलिस ने मंदिर परिसर में व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की अलग-अलग लाइन लगवाई। वहीं, वाहनों को मंदिर से करीब एक किलोमीटर दूर बनाए गए स्टैंड पर रोक दिया गया।

Related Articles

Back to top button