किराना मंडी में जाम की समस्या को लेकर पार्षद ने कोतवाली पुलिस को सौंपा पत्र

गाजियाबाद। किराना मंडी में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या को लेकर वार्ड-88 के पार्षद नीरज गोयल ‘सीताराम बाजार वाले’ ने थाना अध्यक्ष, कोतवाली घंटाघर को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बाजार के प्रवेश मार्ग और चावला प्रॉपर्टी डीलर वाले चौक पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ आवश्यकतानुसार ट्रैफिक सिपाही तैनात करने की मांग की।
पार्षद ने बताया कि अंबेडकर रोड से किराना मंडी में प्रवेश करते समय सड़क किनारे कई दुकानों के सामने मोटरसाइकिलों की मरम्मत की जाती है। इसके अलावा दोपहिया वाहन सड़क पर अनियंत्रित रूप से खड़े रहते हैं। चावला प्रॉपर्टी डीलर वाले चौक पर पीपल के पेड़ के नीचे चारपहिया वाहन भाड़े की प्रतीक्षा में खड़े रहते हैं। इसी स्थान पर वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग होने से यातायात बाधित होता है और दिन में कई बार जाम लग जाता है।
उन्होंने कहा कि जाम के कारण व्यापारियों, दुकानदारों, वाहन चालकों और बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को परेशानी होती है। कई बार इस स्थिति में आपसी विवाद भी हो जाता है। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजार में भीड़ बढ़ने की संभावना है, इसलिए समय रहते यातायात व्यवस्था सुधारना जरूरी है।
नीरज गोयल ने पुलिस प्रशासन से सड़क पर खड़े वाहनों और यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों पर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बाजार को जाम से राहत दिलाने के लिए जरूरी स्थानों पर ट्रैफिक सिपाही तैनात किए जाएं।
शहर कोतवाल ने दिए कार्रवाई के निर्देश
पार्षद के प्रार्थना पत्र पर शहर कोतवाल ने तत्काल संबंधित चौकी प्रभारी को पत्र मार्क करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अब बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों को यातायात व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है।



