पुरानी रंजिश में युवक के घर पर हमला

पांच के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला इंछा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक व उसके परिजनों पर धारदार हथियारों और तमंचे की बट से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,हालांकि आपका अपना ” स्टार एक्सप्रेस अखबार” वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

ग्राम नगला इंछा निवासी वीरू पुत्र सरनाम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार देर शाम करीब 8:30 बजे वह अपने घर पहुंचा था। आरोप है कि तभी गांव के महेश,रक्षपाल,रामौतार पुत्रगण रामस्वरूप,विष्णु पुत्र रामौतार तथा राज पुत्र रक्षपाल लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और तमंचा लेकर उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया।

पीड़ित का आरोप है कि रामौतार ने उस पर कुल्हाड़ी से वार कर घायल कर दिया। शोर सुनकर बचाने पहुंचे उसके पिता, भाई और मां के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। आरोप है कि महेश ने उसके पिता पर तमंचे की बट से हमला किया, जबकि रक्षपाल और विष्णु ने लाठी-डंडों से मारपीट की। ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Related Articles

Back to top button