कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन
जिला कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक निकाला मार्च, दो स्थानों पर पुतला दहन कर जताया विरोध

गाजियाबाद। मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला और इस दौरान दो स्थानों पर पुतला दहन कर विरोध जताया। कांग्रेस देशभर में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता व जवाबदेही की मांग उठा रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई। काफी समय बाद आयोजित इस प्रदर्शन में पार्टी के पुराने और नए कार्यकर्ता एक साथ नजर आए। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने मार्च में भाग लिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का निष्पक्ष तरीके से समाधान होना चाहिए। उन्होंने निर्वाचन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा, महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, डॉ. संजीव शर्मा, बिजेंद्र यादव, लोकेश चौधरी, विनीत त्यागी, मनोज कौशिक, त्रिलोक, सुनील शर्मा, पंकज तेजानिया और नरेंद्र राठी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



