संगठन सृजन अभियान को लेकर कांग्रेस की बैठक, 2027 चुनाव की तैयारियों पर मंथन

गाजियाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी एवं महानगर कांग्रेस समिति गाजियाबाद के तत्वावधान में संगठन सृजन अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सहप्रभारी एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी, राष्ट्रीय सचिव संजीव आर्य की मौजूदगी में संगठन को मजबूत बनाने और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों, आईसीसी एवं पीसीसी सदस्यों से संगठन को प्रभावी बनाने के लिए व्यक्तिगत रूप से राय और सुझाव लिए गए। संजीव आर्य ने कहा कि कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से वरिष्ठ नेताओं एवं आम जनता से लगातार संपर्क बढ़ाने, समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाने और स्थानीय जनसमस्याओं को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य केवल पदों का विस्तार करना नहीं, बल्कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है।

संजीव आर्य ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना होगा और उन्हें शासन-प्रशासन के सामने प्रभावी तरीके से उठाना होगा। इसके साथ ही सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और प्रभावशाली लोगों से निरंतर संपर्क स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि गाजियाबाद में कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती के साथ काम कर रहा है। जिला कांग्रेस लगातार जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचा रही है और आगे भी जनहित के मुद्दों पर पार्टी की आवाज बुलंद की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सतीश शर्मा ने विश्वास जताते हुए कहा कि “2027 में गाजियाबाद की धरती पर कांग्रेस का झंडा मजबूती से लहराएगा और विपक्ष चारों खाने चित नजर आएगा।”

बैठक में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से जनसंपर्क अभियान तेज करने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। साथ ही बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी के साथ जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया गया।

Related Articles

Back to top button