गणपति बप्पा मोरया जयकारों से गूंजा नगर
अहीर टोला में सजा 11 फुट के गणपति का भव्य दरबार

जसवंतनगर,इटावा। कस्बे के मोहल्ला अहीर टोला स्थित सिद्धपीठ गमा देवी मंदिर में सोमवार को गणेश चतुर्थी महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। श्री गमा देवी सेवा समिति की ओर से मंदिर परिसर में 11 फुट ऊंची भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा के विराजमान होते ही मंदिर परिसर गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा।
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी, फूल-मालाओं और झालरों से सजाया गया है। गणपति के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। महिलाओं, बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य अमित यादव ने पहुंचकर विधि-विधान से भगवान गणेश की आरती की। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव नौ दिन तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम महाआरती, भजन-कीर्तन, सुंदरकांड पाठ और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमा के विसर्जन के साथ महोत्सव का समापन होगा।
इस अवसर पर समिति संरक्षक पंकज यादव, सभासद संजीव यादव, गोविंद यादव, सुनील यादव लंबरदार, सर्वेश यादव, गोलू मामा, सत्येंद्र यादव सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।



