नींद की झपकी आने पर लोडर-ट्रक में घुसा: दो की मौत, पांच घायल

हादसे में शिकार लोडर में बैठ पैतृक गांव वापस लौट रहे थे

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत शुक्रवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

शुक्रवार सुबह करीब चार बजे थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर आगरा से इटावा जाने वाली सड़क पर मलाजनी के आगे प्रधान ढाबा के सामने आगरा की तरफ से आ रहे एक लोडर ने नींद में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सड़क से हटकर खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ढाबे वाले घटनास्थल पर इकट्ठे हो गए।टक्कर से लोडर चालक संजू पुत्र राजकुमार निवासी ऊंचा अजीतमल और कल्लो पत्नी रामदास निवासी ग्राम पल्लापुर थाना मंगलपुर कानपुर देहात की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि लोडर में सवार अन्य ईशु पुत्र संजू, धोनी पुत्र संजू,रामदास पुत्र ललजु निवासी ग्राम पल्लापुर थाना मंगलपुर कानपुर देहात,महादेव पुत्र नमालूम और भगवान दास पुत्र दुर्जन निवासी ग्राम मखोली थाना मूसानगर कानपुर गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष कमल भाटी ने सभी गंभीर घायलों को इलाज हेतु एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।

वही लोडर की केबिन में फंसे हादसे में अपनी जान गंवा चुके चालक संजू और कल्लो को कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने बाहर निकाला,दोनों शवों को कब्जे में लेकर उपनिरीक्षक आशीष कुमार ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा।पुलिस ने खाली ट्रक और उसके ड्राइवर को कब्जे में ले लिया है। बताया गया है कि लोडर सवार सभी रेवाड़ी झज्जर हरियाणा में मजदूरी का काम करते हैं और अपने पैतृक गांव ऊंचा अजीतमल जिला औरैया में परिवार की किसी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

Related Articles

Back to top button