सभासद के प्रस्ताव पर स्वीकृत हुई सीसी सड़क

सभासदों ने सस्ती लोकप्रियता बटोरने वाली निजी संस्था पर लगाया आरोप

भरथना,इटावा। भरथना के मुहल्ला नेविलगंज सडक निर्माण कार्य में प्रस्ताव से लेकर स्वीकृति तक अहम भूमिका निभाने वाले सभासद को नजर अन्दाज कर सडक निर्माण के भूमि पूजन व नींव रखने के कार्यक्रम में नगर के एक निजी संगठन द्वारा स्वयं का सम्पूर्ण श्रेय लेकर अपनी झूठी पीठ थपथपाने का आरोप लगाते हुए सभासदों ने गहरी नाराजगी प्रकट की है।

बीती देर शाम सोमवार को कस्बा के गली गोदाम के सभासद रोहित भंसाली के आवास पर आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि कस्बा के मुहल्ला नेविलगंज मार्ग उनके वार्ड में आता है। जिसके निर्माण के लिए वह वर्ष 2023 से निरन्तर प्रयासरत थे। कई बार पत्राचार व समाधान दिवसों में प्रार्थना पत्र के माध्यम से अधिकारियों को जनसमस्या से अवगत कराया गया। अन्ततः बीते माह अधिशाषी अधिकारी सन्तोष कुमार मिश्रा द्वारा कागजी प्रक्रिया में सहयोग व पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव गुल्लू के दिशा निर्देशन में उक्त मार्ग सीसी निर्माण के लिए स्वीकृत हो कर शासन से बजट आ गया।

जिसके चलते बीते दिनों पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव गुल्लू द्वारा उक्त मार्ग निर्माण प्रारम्भ का भूमि पूजन व नींव रखी गई। जिसमें सभासद भंसाली ने आरोप लगाते हुए बताया नगर के एक निजी संगठन द्वारा सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से सडक निर्माण का सम्पूर्ण श्रेय अपनी संस्था को बताकर बहुत ही बडा निन्दनीय कार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी उक्त संगठन द्वारा कई झूठी वाहवाही लूटने व समाज को गुमराह करने के लिए ऐसे कई कार्य किये जा चुके हैं,जिनके लिए मेहनत किसी और ने की और कार्य पूर्ण होने पर उक्त झूठा श्रेय उक्त संगठन का दर्शाने का प्रयास किया गया है। सभासद रोहित भंसाली ने बताया कि जब से वह इस मार्ग निर्माण के लिए प्रयासरत हैं,तब इस संस्था का नगर में जन्म भी नहीं हुआ था।

वार्ता के दौरान मौजूद अन्य सभासद व प्रतिनिधि रोहित भंसाली सहित सुशील पोरवाल नानू बाबा, शिवा यादव,अर्जुन सिंह, बबलू यादव,सोनू सक्सैना, वीरेन्द्र कुमार,प्रहलाद यादव,संजू पोरवाल आदि ने कहा कि अगर उक्त संगठन समाजसेवा के प्रति इतना ही सजग है,तो उसके पदाधिकारी सभी सभासदों के वार्ड में जाकर समस्याओं को देखें और उनका निवारण करवायें। उन्होंने कहा कि सभासद की मेहनत पर केवल दिखावा कर स्वयं की झूठी पीठ थपथपाने की हम लोग कडे शब्दों में निन्दा करते हैं।

उक्त सम्बन्ध में पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव गुल्लू ने बताया कि सम्बन्धित मार्ग नगर के बीचोंबीच व काफी दिनों से जर्जर व ऊबडखाबड अवस्था में होने के चलते जनहित की समस्या को दृष्टिगत रखते हुए वार्ड के सभासद द्वारा उक्त मार्ग के निर्माण का निर्णय लिया गया है। मार्ग निर्माण हेतु सभासद रोहित भंसाली द्वारा पूर्व में बोर्ड के समक्ष प्रस्ताव भी रखा गया था हालांकि सम्बन्धित संगठन द्वारा भी पालिका को संबोधित एक ज्ञापन प्राप्त हुआ था।

Related Articles

Back to top button