बसपा ने धूमधाम से मनाया संविधान दिवस

जसवंतनगर,इटावा। बहुजन समाज पार्टी के नेतृत्व में संविधान दिवस गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा देश को दिए गए संविधान के महत्व, मूल अधिकारों और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर विस्तार से चर्चा हुई।
नेताओं ने कहा कि संविधान न केवल देश की शासन व्यवस्था की नींव है, बल्कि यह समाज के कमजोर, शोषित और वंचित वर्गों को न्याय दिलाने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने सभी से अपील की कि संविधान के मूल्यों—समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और न्याय—को अपने जीवन में अपनाएं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दें।
कार्यक्रम में रवीन्द्र सिंह सोनू पूर्व मंडल प्रभारी, नागेन्द्र सिंह जाटव पूर्व जिला सचिव, हासिम खान पूर्व जिला सचिव, अनुराग सिंह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, अर्पित जाटव, एसपी सिंह, सोनू ग्राफिक, धर्मेंद्र भैया, राजा बौद्ध और रतन बौद्ध शामिल रहे। सभी ने संविधान निर्माता बाबा साहब अंबेडकर के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनकी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।



