सामूहिक सरल विवाह हेतु वर-वधुओं को मिले वस्त्र

जसवंतनगर,इटावा। भारत विकास परिषद की समर्पण शाखा जसवंतनगर द्वारा आगामी 15 मार्च को प्रभु मैरिज होम में आयोजित होने वाले सामूहिक सरल विवाह कार्यक्रम की तैयारियों के क्रम में छः वर-वधुओं को वस्त्र एवं ड्रेस वितरित की गईं। संस्था के पदाधिकारियों ने विवाह में शामिल होने वाले जोड़ों को कपड़े प्रदान कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
पदाधिकारियों ने बताया कि समर्पण शाखा द्वारा हर वर्ष सामूहिक विवाह जैसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता करने का प्रयास किया जाता है। सामूहिक विवाह कार्यक्रम से समाज में सादगीपूर्ण विवाह की परंपरा को बढ़ावा मिलता है और अनावश्यक खर्चों पर भी अंकुश लगता है। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सहयोग देकर समाज में आपसी सहयोग और सद्भाव की भावना को मजबूत करना है।
इस दौरान पदाधिकारियों ने बताया कि 15 मार्च को प्रभु मैरिज होम में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में कई जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे,जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से आनंद गुप्ता, उमाकांत श्रीवास्तव, अशोक माथुर,सर्वेश गुप्ता आदि उपस्थित रहे और उन्होंने वर-वधुओं को वस्त्र प्रदान कर कार्यक्रम की सफलता के लिए सहयोग दिया।



