डंपर की टक्कर से बाइक के हुये दो टुकड़े, बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल

शिवगढ़, रायबरेली। थाना क्षेत्र के बांदा-बहराइच हाईवे पर एक दुर्घटना हुई। गूढ़ा में एक डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के दो टुकड़े हो गए और चालक घायल हो गया। घटना रात 10:15 बजे की है। गूढ़ा निवासी रवि भंडारे से प्रसाद लेकर भवानीगढ़ जा रहा था। लग्गूवीर बाबा मोड़ और मेहरबान खेड़ा के बीच सामने से आए डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस घायल रवि को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ ले गई। वहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे अपने साथ ले गए।
इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर संजीव शुक्ला ने बताया कि रवि को एंबुलेंस 108 से अस्पताल लाया गया। शिवगढ़ पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।



