बांग्लादेशी इनामी आरोपी अनस गिरफ्तार, ढाई साल से था फरार

मंडल मुरादाबाद प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा

मुरादाबाद। कटघर थाना पुलिस और एटीएस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ढाई साल से फरार चल रहे बांग्लादेशी आरोपी अनस को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एसएसपी सतपाल अंतिल की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार अनस पिछले कुछ समय से सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार चौकी इलाके में किराये के मकान में छिपकर रह रहा था।एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि 16 अप्रैल 2023 को कटघर थाना पुलिस ने कोहिनूर तिराहे के पास से पांच बांग्लादेशी नागरिकों को फर्जी दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में निसार, उसकी पत्नी फातिमा उर्फ अमीना, बेटियां रिहाना, अर्शी और गुलशन शामिल थीं।

इनके पास से 10 फर्जी आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, एटीएम, पासबुक और ई-श्रम कार्ड बरामद किए गए थे। जांच में सामने आया कि सभी आरोपी मूल रूप से बांग्लादेश के उखिया, कोक्स बाजार स्थित बालू खाली कैंप के रहने वाले थे, जिन्होंने मेरठ से फर्जी भारतीय पहचान पत्र बनवाए थे और मुरादाबाद में किराये पर रह रहे थे।उसी मामले में निसार का बेटा अनस भी आरोपी पाया गया था, जो परिवार की गिरफ्तारी के दौरान फरार हो गया था।

लगातार तलाश के बावजूद पुलिस को उसकी कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी। एसएसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया था। एटीएस की सूचना पर कटघर थाना प्रभारी संजय कुमार की टीम ने चेकिंग के दौरान अनस को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button