रामलीला समिति ने निकाली मंगल कलश यात्रा
अक्टूबर 8 से शुरू होगी श्रीमद्भागवत कथा

जसवंतनगर,इटावा। नगर की रामलीला समिति के तत्वावधान में मंगलवार को आगामी श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा का शुभारंभ ध्वज पूजन और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया।यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों सदर बाजार,छोटा चौराहा,जैन बाजार,कटरा पुख्ता होते हुए रामलीला मैदान पहुंची,जहां इसका समापन हुआ।
समिति पदाधिकारियों में राजीव गुप्ता बबलू अपनी पत्नी मेघा गुप्ता,अजेंद्र सिंह गौर अपनी पत्नी अंजू सिंह गौर और राजीव माथुर अपनी पत्नी वंदना गुप्ता सहित भागवत गीता लेकर सम्मिलित हुए। कलश यात्रा के दौरान फिरोजाबाद से आयी समाज सेविका रेखा गुप्ता भी मौजूद रही।
कलश यात्रा में अनिल अन्नू गुप्ता, रतन पांडे,शुभ गुप्ता,गोपाल गुप्ता व अन्य रामलीला समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कलश यात्रा के सदर बाजार पहुंचने पर राजीव माथुर ने अपने प्रतिष्ठान पर पटका उड़ाकर और माल्यार्पण कर कलश यात्रा में सम्मिलित श्रद्धालुओं का स्वागत किया। समिति ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ 8 अक्टूबर दिन बुधवार दोपहर 1 बजे से होगा, जिसका समापन 13 अक्टूबर सोमवार शाम 5 बजे किया जाएगा।
कथा के अंतिम दिन 14 अक्टूबर को पूर्णाहुति हवन और विशाल भंडारे का आयोजन होगा।कथा वाचक के रूप में वृंदावन के प्रसिद्ध प्रवचनकार तनय कृष्ण मिश्रा अपनी मधुरवाणी से भक्तों को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन कर धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश देंगे।समिति के सदस्यों ने सभी नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।



