जीएसटी चोरी के बाद गिरफ्तारी: कार्रवाई से मचा हड़कंप
फर्जी फर्म से 2.01 करोड़ की जीएसटी चोरी का मामला

जसवंतनगर,इटावा। फर्जी फर्म के जरिए 2.01 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी के मामले में पहले से दर्ज आपराधिक मुकदमे के बाद पुलिस ने अब एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। राज्य कर विभाग इटावा की विशेष अनुसंधान शाखा की जांच पर यह कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच में सामने आया कि स्वस्ति भारत बिल्डिंग मेटेरियल नामक फर्म को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पंजीकृत कर बिना वास्तविक खरीद-बिक्री के इनपुट टैक्स क्रेडिट-आईटीसी पास ऑन किया जा रहा था।
दिसंबर माह की जीएसटीआर-3 बी में करीब 3.89 करोड़ रुपये की बिक्री दिखाकर पूरी कर देयता को आईटीसी से समायोजित किया गया, जबकि जीएसटीआर-2 ए में कोई आईटीसी उपलब्ध नहीं थी। जांच के दौरान घोषित व्यापार स्थल बंद मिला और पोर्टल पर दर्ज मोबाइल नंबर भी बंद पाया गया, जिससे फर्म के पूरी तरह फर्जी होने की पुष्टि हुई। विभागीय जांच के आधार पर थाना जसवंतनगर में जीएसटी अधिनियम सहित आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471, 34 व 120बी में मुकदमा पहले ही दर्ज कराया जा चुका है।
इसी मामले में यहां थाने में पंजीकृत मु0अ0सं0 296/25 के तहत पुलिस ने अभियुक्त जीसान 28 वर्ष पुत्र हारून,निवासी 125 साहकमर,कोतवाली, इटावा को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के विरुद्ध धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) बीएनएस में कार्रवाई की गई है। सूत्रों के अनुसार मामले में अन्य संलिप्त की भूमिका की भी जांच जारी है।
हर्षोल्लास के साथ मनाई गई बसंत पंचमी, बचपन प्ले स्कूल में बच्चों ने मचाया धमाल
जसवंतनगर,इटावा। बचपन प्ले स्कूल में बसंत पंचमी का पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चे पीले परिधानों में सजे-धजे नजर आए, जिससे पूरा स्कूल बसंती रंग में रंगा हुआ दिखाई दिया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने बच्चों को बसंत पंचमी के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह पर्व प्रकृति, ज्ञान और सकारात्मकता का प्रतीक है। बच्चों ने गीत, नृत्य एवं कविता पाठ के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अभिभावकों व शिक्षकों ने सराहा। विद्यालय परिसर को पीले फूलों व सजावटी सामग्री से आकर्षक ढंग से सजाया गया। बच्चों ने एक-दूसरे को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं और उत्साहपूर्वक कार्यक्रमों में भाग लिया।
इस अवसर पर स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल दीक्षित ने कहा कि “बसंत पंचमी का पर्व बच्चों के जीवन में खुशियां, रंग और सकारात्मक सोच लाने का संदेश देता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों के सर्वांगीण विकास में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने जमकर आनंद लिया और पूरा वातावरण उत्सवमय बना रहा।



