राज्य स्तरीय कुश्ती में अर्पिता ने जीता रजत पदक
46 किलो भारवर्ग में शानदार प्रदर्शन कर बढ़ाया क्षेत्र का मान

जसवंतनगर,इटावा। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया के प्रांगण में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय कुश्ती प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों और दो स्पोर्ट्स कॉलेजों के एक हजार से अधिक पहलवानों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने किया।
प्रतियोगिता में कानपुर मंडल की ओर से इटावा के जसवंतनगर विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय जैनपुर नागर की कक्षा सात की छात्रा अर्पिता सिंह निवासी कैस्त ने 46 किलोग्राम भारवर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। पिछले वर्ष भी अर्पिता ने राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था। इस बार बेहतर प्रदर्शन कर उसने क्षेत्र का नाम रोशन किया।
अर्पिता की उपलब्धि पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी गिरीश कुमार, गौरव पाठक, प्रमिला पाठक, जिला व्यायाम शिक्षक-शिक्षिका, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक जसवंतनगर राजेश जादौन, इंचार्ज प्रधानाध्यापक जैनपुर नागर पुष्पा यादव, सत्यनारायण प्रसाद, समस्त अनुदेशक, खेल प्रेमियों और विद्यालय परिवार ने बधाई दी।
अर्पिता की सफलता से ग्राम कैस्त सहित पूरे जसवंतनगर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे आगे भी इसी तरह उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।



