कचौरा घाट बाईपास मार्ग पर आठ भैंसें मृत मिलने से पशु पलकों में हड़कंप

कचौरा घाट बाईपास मार्ग की घटना,पुलिस जांच में जुटी

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर में मंगलवार सुबह कचौरा घाट बाईपास मार्ग पर आठ भैंसों के मृत अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। लाखों रुपये कीमत की इन भैंसों के शव सड़क के दोनों ओर पड़े मिलने से ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। यह मार्ग जसवंतनगर को इटावा, औरैया,आगरा जिलों समेत,उत्तर प्रदेश,मध्यप्रदेश और राजस्थान सहित तीन राज्यों को जोड़ता है।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि घटना की जानकारी राजन बाजपेई पुत्र अजय बाजपेई निवासी होमगंज पड़ाव मंडी ने दी।बताया कि कचौरा घाट बाईपास मार्ग पर सिरहोल गंग नहर पुल के आगे और पीछे करीब आठ भैंसें लावारिस हालत में मृत पड़ी है।

सूचना पर थानाध्यक्ष कमल भाटी ने उपनिरीक्षक आशीष कुमार को मौके पर भेजा। पुलिस टीम ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल इसकी सूचना उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सी.पी. सिंह को दी। मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने सभी मृत भैंसों का पोस्टमार्टम कराया।

इसके बाद स्वच्छता की दृष्टि से उपनिरीक्षक आशीष कुमार की देखरेख में जेसीबी मशीन से अलग-अलग गड्ढे खोदकर भैंसों को दफनाया गया।थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि कोई पशु व्यापारी अधिक संख्या में भैंसों को ट्रक या मेटाडोर में भरकर ले जा रहा होगा।

वाहन में संख्या से अधिक भैंसे होने के कारण दम घुटने से भैंसों की मौत हो जाने पर संभवतः वाहन चालक ने शवों को सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गया।उन्होंने कहा कि भैंसों की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा।

साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृत भैंसों को यहां किसने और कब फेंका।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार है जब इतनी बड़ी संख्या में पशु मृत अवस्था में मिले हैं। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button