महिलाओं ने विद्युत स्मार्ट मीटर हटाने की उठाई मांग
उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

जसवंतनगर,इटावा। लुधपुरा क्षेत्र की घरेलू महिला विद्युत उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूर्व में लगे मीटरों को पुनः स्थापित कराने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि सभी उपभोक्ता घरेलू विद्युत कनेक्शनधारी हैं और स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अत्यधिक वृद्धि एवं अनियमितता की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
महिलाओं का कहना है कि पहले लगे मीटरों में खपत के अनुसार ही बिल प्राप्त होता था, जबकि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कम उपयोग के बावजूद अधिक बिल भेजे जा रहे हैं,जिससे परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना उपभोक्ताओं की सहमति के स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि पुराने मीटरों को पुनः लगाया जाए तथा स्मार्ट मीटरों को हटाकर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जाए। साथ ही विद्युत विभाग द्वारा बिलों की निष्पक्ष जांच कर समस्या का समाधान कराने की भी अपील की गई।
इस दौरान रेखा, संगीता,गीता,सुनीता,रानी, सीमा,सुशीला,नीरज, ओमवती,ममता,प्रेमा देवी, स्वाती,शशि सहित अन्य महिलाओं के हस्ताक्षर थे।



