हत्या के मामले में तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार

मऊ। जनपद मऊ में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रानीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के मामले में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के इटौरा अंडरपास के पास जिले से बाहर भागने की तैयारी में थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार तथा क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद शीतला प्रसाद पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थाना रानीपुर के थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंकज कुमार हत्या कांड में नामजद आरोपी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के इटौरा अंडरपास के नीचे मौजूद हैं और किसी वाहन का इंतजार कर रहे हैं ताकि जिले से बाहर भाग सकें। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद तीनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनन्द चौहान पुत्र अमेरिका चौहान (20 वर्ष), योगेश चौहान पुत्र सुरेन्द्र चौहान (21 वर्ष) तथा अंकित चौहान पुत्र हरेन्द्र चौहान (22 वर्ष) निवासी ग्राम बस्ती थाना रानीपुर जनपद मऊ के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 10 मई 2026 की रात खिरियां गांव निवासी पंकज कुमार के साथ उनका विवाद और मारपीट हुई थी। मारपीट में पंकज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही थी, इसलिए वे जिले से फरार होने की योजना बना रहे थे।
इस मामले में थाना रानीपुर में मु0अ0सं0 60/2026 के तहत धारा 3(5), 105, 110 बीएनएस तथा 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गुरुवार सुबह करीब 5:35 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे इटौरा अंडरपास के नीचे से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को थाना लाकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई और बाद में न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आकाश श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल संतोष यादव, कांस्टेबल प्रदीप कुमार, कांस्टेबल सनीदेवल, आरक्षी विनोद कुमार तथा आरक्षी शिवा भारती शामिल रहे।



