नवरात्रि-ईद पर प्रशासन हुआ सतर्क

जसवंतनगर,इटावा। चैत्र नवरात्रि और ईद-उल- फितर को लेकर बुधवार को पालिकाध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार और ईओ श्याम बच्चन सरोज की मौजूदगी में सफाई कर्मचारियों द्वारा नगर के मंदिरों,मुख्य मार्गो और ईदगाह परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। ताकि लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।
अभियान के दौरान कूड़ा उठाने,झाड़ू लगाने और जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त किया गया।पालिकाध्यक्ष ईओ ने जल प्रभारी को बेहतर पानी सप्लाई के निर्देश दिए।इस दौरान नपा के वरिष्ठ लिपिक नवनीत शाक्य, सखी त्रिपाठी,शिवांग, विनय,सफाई नायक, रामसिया,विनोद,राजू मौजूद रहे।
चालक को नींद आने पर स्कॉर्पियो पलटी
जसवन्तनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक होटल के पास बुधवार को उस समय हादसा हो गया, जब चालक को नींद की झपकी आ गई।

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। हादसे में चालक मोहित पांडे पुत्र हरिश्चंद्र पांडे निवासी अकबरपुर, थाना बाबरपुर, जनपद कानपुर देहात और उनके साथ बैठे बाबू शुक्ला पुत्र लक्ष्मी नारायण निवासी ए-ब्लॉक किदवई नगर, कानपुर नगर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सुचारू कराया।



