हाईवे किनारे खड़े ट्रक-डंपरों पर कार्रवाई

2.50 लाख जुर्माना एक ट्रक सीज,हादसों पर अंकुश लगाने को अभियान तेज

जसवन्तनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़े ट्रक और डंपरों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दस वाहनों के चालान किए। इस दौरान कुल दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि एक ट्रक पर 50 हजार रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाते हुए उसे सीज कर दिया गया। कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

सीओ आयुषी सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक मनीष कुमार ने पुलिस टीम के साथ हाईवे पर अभियान चलाया। पुलिस ने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रक और डंपरों की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि कई चालक वाहन खड़ा कर सो जाते हैं या आसपास के ढाबों और होटलों पर चले जाते हैं, जिससे हाईवे पर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।

सीओ के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े भारी वाहन आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। सरकार की मंशा के अनुरूप सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने वाहन चालकों को चेतावनी दी कि हाईवे किनारे वाहन खड़ा करने पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान सीओ ने चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने की हिदायत दी। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर आम लोगों ने राहत जताई है।

Related Articles

Back to top button