जनहित के मुद्दों को लेकर आप कार्यकर्ताओं का PWD कार्यालय पर प्रदर्शन

सड़क चौड़ीकरण, गड्ढामुक्त सड़क और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की मांग

मऊ, 31 जुलाई। जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अभियंता सुदामा प्रसाद को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से जिले में सड़क चौड़ीकरण, सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए। आप कार्यकर्ताओं ने बढ़ुवा गोदाम से बलिया मोड़ तक सड़क का चौड़ीकरण कराने की मांग की। इसके अलावा बकवल लिंक रोड, डुमरांव मार्ग और सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल के पास सड़क के चौड़ीकरण की मांग भी रखी गई।

पार्टी नेताओं ने प्रमुख सड़कों पर पक्की पटरी और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की। साथ ही जनपद की प्रमुख सड़कों की मरम्मत कर उन्हें गड्ढामुक्त कराने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग उठाई।

ज्ञापन में बहरीपुर में हाल ही में बनी सीसी रोड में जलभराव और निर्माण से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी शामिल रही। पार्टी नेताओं का कहना था कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि जनता के पैसे का सही इस्तेमाल हो और लोगों को लंबे समय तक बेहतर सड़क की सुविधा मिल सके।

जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने कहा कि जिले की जनता को सुरक्षित, चौड़ी और गुणवत्तापूर्ण सड़कें उपलब्ध कराना सरकार और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सड़कें निर्माण के कुछ समय बाद ही खराब होने लगती हैं। इससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर आगे भी आवाज उठाती रहेगी।

जिला महासचिव ए.के. सहाय ने कसारा मार्ग का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मार्ग के निर्माण का बजट स्वीकृत होने के बावजूद अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने स्वीकृत बजट वाली सभी सड़कों का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की।

ज्ञापन लेने के बाद अधिशासी अभियंता सुदामा प्रसाद ने आप नेताओं को उनकी मांगों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में ए.के. सहाय, रामचन्द्र कुमार, गुलशन सिन्हा, मंजीत यादव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button