जर्जर सड़क धंसी: नाले में फंसा पेट्रोल भरा टैंकर
कार को साइड देने के दौरान बाल-बाल बचा बड़ा हादसा

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र पाली बंबा-यादव नगर मार्ग पर बुधवार की देर रात करीब ग्यारह बजे उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब पेट्रोलियम पदार्थ से भरा एक टैंकर सड़क का किनारा धंसने से नाले की ओर फंस गया। गनीमत रही कि टैंकर पूरी तरह नहीं पलटा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेट्रोल से भरा टैंकर ओवरब्रिज की ओर से पाली बंबा चौराहे की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही कार को साइड देने के लिए चालक ने टैंकर को सड़क के किनारे किया। अचानक जर्जर सड़क का हिस्सा धंस गया और टैंकर का एक हिस्सा नाले की ओर फंस गया। टैंकर के झुकते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। काफी प्रयासों के बाद भी टैंकर नही निकल सका. सुबह के समय क्रेन की मदद से टैंकर को सुरक्षित निकाला गया जिसके बाद टैंकर अपने गन्तव्य की ओर रवाना हुआ.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाली बंबा-यादव नगर मार्ग की हालत कई महीनों से खराब है। सड़क के किनारे जगह-जगह मिट्टी धंसने और सड़क कमजोर होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का आरोप है कि आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, लेकिन जिम्मेदार किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।
पेट्रोलियम पदार्थ से भरा टैंकर सड़क किनारे धंसने की घटना ने एक बार फिर जर्जर सड़क की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और कमजोर किनारों को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।



