मन्नत पूरी होने की खुशी पल भर में मातम में बदली! हाईवे पर स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे, 14 में से 13 की मौत

Rajrappa Mandir Road Accident: झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना नेशनल हाईवे पर रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर (रजरप्पा) दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 4 बच्चों, 4 महिलाओं और 5 पुरुषों समेत कुल 13 लोगों की जान चली गई। गाड़ी में सवार एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति को गंभीर हालत में इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र स्थित जंघारो गांव के निवासी थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह भयानक हादसा कुजू थाना क्षेत्र के पैंकी में भाजपा कार्यालय के पास रात करीब दो बजे हुआ। वाहन (बीआर 21पी 6331) में कुल 14 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि नालंदा के सरस्वती विद्या मंदिर से जुड़े इस परिवार में शिक्षक की नौकरी लगने की मन्नत पूरी होने के बाद पूरा परिवार रजरप्पा मंदिर में माथा टेकने जा रहा था, लेकिन मंजिल से पहले ही चीख-पुकार मच गई।
1 दिसंबर से बदल रहे ये 5 बड़े नियम, गैस सिलेंडर से SBI कार्ड और टाटा कारों तक पड़ेगा सीधा असर
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में तब्दील हो चुकी गाड़ी से शवों और घायल को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही कुजू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी हादसे के सही कारणों की गहन जांच कर रहे हैं।



