यूपी की सियासत में नया मोड़: दो बैठकों के बाद भी बेनतीजा बात, क्या खतरे में है सपा-कांग्रेस का साथ?

Samajwadi Party Congress Alliance 2026: उत्तर प्रदेश की सियासत में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच खटास लगातार गहराती जा रही है। दोनों दलों के बीच गठबंधन की राह आसान होने के बजाय और पेचीदा होती दिख रही है, क्योंकि सीट शेयरिंग का पेंच बुरी तरह फंस गया है।
सूत्रों और सियासी गलियारों की चर्चाओं के मुताबिक, गठबंधन के तहत कांग्रेस को महज 26 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है, जिसे पार्टी किसी भी सूरत में स्वीकार करने को तैयार नहीं है। कांग्रेस 130 सीटों से कम पर समझौता करने के मूड में नहीं दिख रही है। इसी खींचतान के बीच दोनों दलों के नेताओं के बीच जुबानी हमले भी तेज हो गए हैं। सपा सांसद एसपी सिंह पटेल और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बीच तीखी बयानबाजी ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। इसी बीच समाजवादी पार्टी ने अपने पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर कांग्रेस को बड़ा सियासी झटका दिया है।
बैठकों के बावजूद नहीं निकला हल, इमरान मसूद के तीखे बोल
सीटों के बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच अब तक दो दौर की बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन नतीजा सिफर रहा है और स्थिति जस की तस बनी हुई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को केवल दो सीटों पर जीत मिली थी, जिसके चलते सपा उसके पुराने प्रदर्शन का हवाला देते हुए बड़ी संख्या में सीटें देने से कतरा रही है। सपा के इस सख्त रुख से कांग्रेस में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कड़ा तेवर दिखाते हुए तल्ख टिप्पणी की, ‘हम भिखारी नहीं हैं।’ मसूद के इस बयान से साफ है कि कांग्रेस सम्मानजनक हिस्सेदारी के बिना पीछे हटने को तैयार नहीं है।
‘मुश्किल सीटों’ की आशंका और विनिंग मेरिट की शर्त
कांग्रेस खेमे को यह चिंता भी सता रही है कि गठबंधन में उसे केवल ऐसी शहरी या भाजपा के मजबूत गढ़ वाली सीटें थमाई जा सकती हैं, जहां जीत दर्ज करना बेहद चुनौतीपूर्ण होगा। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि पिछले गठबंधन के दौरान भी पार्टी को इसी तरह की कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी का तर्क है कि सीटों का बंटवारा केवल ‘विनिंग मेरिट’ यानी जीतने की क्षमता के आधार पर होना चाहिए। सपा चाहती है कि कांग्रेस जिन सीटों पर दावा ठोक रही है, वहां अपने जिताऊ और मजबूत उम्मीदवारों के नाम सामने रखे। सपा केवल वरिष्ठ नेताओं की पसंद या स्थानीय जिला इकाइयों की मांग के आधार पर सीटें देने के पक्ष में नहीं है।
संगठन विस्तार की मजबूरी और हाई-प्रोफाइल कमेटियां
कांग्रेस की बड़ी मांग के पीछे जमीनी रणनीति भी काम कर रही है। पार्टी का मानना है कि पर्याप्त सीटों पर चुनाव लड़ने से कार्यकर्ताओं में ऊर्जा बनी रहेगी, संगठन को मजबूती मिलेगी और प्रदेश में खोया हुआ जनाधार दोबारा खड़ा करने में मदद मिलेगी। सीट शेयरिंग पर बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए सपा ने रामगोपाल यादव, श्याम लाल पाल, राजीव राय और इकरा हसन की कमेटी गठित की है। वहीं, कांग्रेस की ओर से राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और केसी वेणुगोपाल को बातचीत की कमान सौंपी गई है। दोनों दलों की कमेटियां आपसी चर्चा के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगी, जिसे शीर्ष नेतृत्व को सौंपा जाएगा।
दबाव की राजनीति, बसपा पर नजर और चुनावी समीकरण
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में बिना मजबूत गठबंधन के चुनावी वैतरणी पार करना आसान नहीं है और सीटों की यह ऊंची-नीची मांग उसी दबाव की रणनीति का हिस्सा है। कांग्रेस ने बातचीत की शुरुआत बड़े आंकड़े से की है, जबकि सपा ने कम सीटों से शुरुआत कर अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश की है।
इलेक्शन कमीशन ने रखा था इनाम, सपा ने 1 लाख फर्जी वोटर पकड़कर मांग लिया पूरा कैश! जानिए क्या है पूरा मामला
विशेषज्ञों के अनुसार, जैसे-जैसे सीटों की संख्या घटती है, वैसे-वैसे स्ट्राइक रेट पर भी असर पड़ सकता है, इसलिए कांग्रेस अपनी दावेदारी को धार दे रही है। साथ ही, चर्चा यह भी है कि यदि बात नहीं बनी तो कांग्रेस के पास वैकल्पिक रास्ते भी खुले हो सकते हैं और उसकी निगाहें बसपा पर भी टिकी हो सकती हैं। यूपी में भाजपा का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों की एकजुटता को रणनीतिक जरूरत माना जा रहा है, क्योंकि ‘एकला चलो’ की राह से चुनावी सफलता मुश्किल मानी जाती है। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज और शासन मॉडल ने भी प्रदेश के मतदाताओं को खासा प्रभावित किया है, जिससे चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।



