राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनेगी सरदार वल्लभभाई की जयंती

इटावा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस (31 अक्टूबर) की तैयारियाँ जिले में ज़ोरों पर हैं। इस अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भाजपा की सदर विधायक सरिता भदौरिया ने रविवार दोपहर प्रेस वार्ता कर जारी की। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर से 26 नवंबर तक जिलेभर में एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से कई आयोजन किए जाएंगे।
विधायक ने कहा कि जब देश आज़ादी की दहलीज़ पर था, तब भारत को तोड़ने की साजिशें रची जा रही थीं। लेकिन सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अदम्य इच्छा शक्ति और दृढ़ नेतृत्व से 563 रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को सशक्त बनाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज देश और प्रदेश एक भारत श्रेष्ठ भारत के सपने को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विधायक भदौरिया ने बताया कि 31 अक्टूबर को जिले में भव्य रन फॉर यूनिटी का आयोजन होगा।
इसका शुभारंभ जिला मुख्यालय स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण से किया जाएगा। इस एकता दौड़ में सेवानिवृत्त सैनिक, किसान, श्रमिक, भाजपा कार्यकर्ता, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीत, राष्ट्रगान और वंदे मातरम् के साथ जगह-जगह संवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।राष्ट्रीय एकता दिवस को लेकर जिले के विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष प्रतियोगिताएं होंगी।
विद्यार्थियों के बीच भाषण, निबंध, चित्रकला, रंगोली और वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, ताकि युवाओं में सरदार पटेल के विचार और राष्ट्रीय एकता की भावना को जागृत किया जा सके। भाजपा की सदर विधायक ने बताया कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम संकल्प 150 यूनिटी मार्च भी आयोजित किया जाएगा, जो 31 अक्टूबर से 6 दिसंबर 2025 तक चलेगा।
तीन चरणों में होने वाले इस आयोजन के तहत विविध सांस्कृतिक, राष्ट्रभक्ति और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समरसता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुँचाया जाए। उन्होंने बताया कि जिले के सभी बूथों पर सरदार पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे और भाजपा कार्यकर्ता एकता और विकास के मंत्र के साथ जनसंपर्क अभियान भी चलाएंगे।



