जंगल से निकलकर गांव पहुंचे, याम मांगा और गायब हो गए… अमेजन की इस रहस्यमयी जनजाति की हकीकत क्या है?

Awa Tribe Amazon: ब्राजील के अमेजन वर्षावन में बाहरी दुनिया से अलग-थलग रहने वाले आवे (Awá) समुदाय के करीब 20 सदस्य अचानक घने जंगल से निकलकर एक गांव के पास पहुंच गए। यह घटना ब्राजील के मारान्याओ राज्य की बताई जा रही है, जहां इस समूह का सामना गांववासियों और एक सरकारी टीम से हुआ। सर्वाइवल इंटरनेशनल के अनुसार, ग्रामीणों ने उन्हें भोजन उपलब्ध कराया और समुदाय के लोगों ने याम (एक प्रकार की कंद फसल) मांगी तथा उसे लेकर फिर जंगल की ओर लौट गए। मुख्यधारा के समाज से दूर रहने वाले इस समुदाय के अचानक बाहर निकलने ने अमेजन के जंगलों में रहने वाली आदिवासी आबादी के अस्तित्व और उन पर मंडराते संकटों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

आवे जनजाति दुनिया के उन सबसे संवेदनशील और खतरे से घिरे आदिवासी समुदायों में गिनी जाती है, जो आज भी शिकार और वनोपज एकत्र कर पारंपरिक जीवनशैली अपनाते हैं। जंगल ही उनका घर, भोजन और आजीविका का मुख्य आधार है, और वे खुद तय करते हैं कि बाहरी दुनिया से कब और किस तरह संपर्क साधना है।

हालांकि, स्थानीय संगठन कोआपिमा ने इस मुलाकात के बाद चिंता जताई है कि बाहर आए समूह में शामिल कई बच्चे और बुजुर्ग कुपोषित नजर आए। साथ ही, लंबे समय तक बाहरी संपर्क से दूर रहने के कारण उनमें सामान्य संक्रामक बीमारियों के खिलाफ रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो सकती है, जिससे बाहर निकलना उनकी सेहत के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है। ब्राजील की सरकारी आदिवासी एजेंसी फुनाई ने कहा है कि उसकी टीमें पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और सदस्यों के स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारियों की पड़ताल कर रही हैं।

अपनी जमीन और जंगल को बचाने का यह संघर्ष आवे समुदाय के लिए सदियों पुराना है, जिसकी शुरुआत 19वीं सदी में यूरोपीय लोगों के आगमन के साथ हुई बाहरी दखलंदाजी से मानी जाती है। उस दौर के दबाव के चलते समुदाय के कई लोगों को खानाबदोश जिंदगी जीने के लिए विवश होना पड़ा। आज भी अवैध लॉगिंग, शिकार, मवेशियों के लिए वन भूमि पर कब्जे, जंगलों की आग, वनों की कटाई और जलवायु परिवर्तन ने उनके पारिस्थितिकी तंत्र को गहरे संकट में डाल दिया है।

इस महीने में बांग्लादेश लौटने की तैयारी में शेख हसीना, बोलीं- ‘मौत का डर नहीं’

पड़ोसी अरारिबोइया क्षेत्र में रहने वाले गुआजाजारा समुदाय के ‘फॉरेस्ट गार्डियंस’ अवैध घुसपैठियों से जंगल बचाने के लिए जान जोखिम में डालकर संघर्ष कर रहे हैं। आवे लोगों के लिए जंगल का सिकुड़ना सीधे तौर पर शिकार, भोजन और सुरक्षित आवाजाही के घटते अवसरों का संकेत है, जिससे उनके भविष्य पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गया है।

Related Articles

Back to top button