ऊँचाहार में जीतने वाले को ही मिलेगा टिकट : इंद्रजीत सरोज

पीडीए जनपंचायत में पूर्व मंत्री ने किया बड़ा ऐलान, बोले- सपा का लक्ष्य सिर्फ जीत, जिताऊ उम्मीदवार पर ही लगेगा दांव

ऊँचाहार, रायबरेली। समाजवादी पार्टी का लक्ष्य ऊँचाहार विधानसभा में पाँचवी बार जीत दर्ज कर इतिहास रचना है। पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में उसी उम्मीदवार पर दांव लगाएगी, जो स्थानीय विधायक को शिकस्त देने की क्षमता रखता होगा। उम्मीदवार का चयन जीत की संभावनाओं और उसकी राजनीतिक मजबूती के आधार पर किया जाएगा। यह बात समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व मंत्री एवं कौशाम्बी जिले की मंझनपुर विधानसभा सीट से विधायक इंद्रजीत सरोज ने गुरुवार को ऊँचाहार में आयोजित पीडीए जनपंचायत में कही।

नगर से सटे मदारीगंज स्थित अशोका लॉन में समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित पीडीए जनपंचायत में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे इंद्रजीत सरोज का पार्टी के नेताओं कार्यकर्ताओं ने बुके, फूल-मालाओं और साल तलवार भेंटकर जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं नेताओं और समर्थकों, आम जनता की मौजूदगी रही।

पीडीए जनपंचायत को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि इंद्रजीत सरोज ने स्पष्ट कहा कि ऊँचाहार विधानसभा में समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी वही होगा, जो स्थानीय विधायक मनोज कुमार पांडेय को चुनाव में हराने का दम रखता हो। उन्होंने कहा कि पार्टी का एजेंडा केवल चुनाव जीतना है और इसके लिए मजबूत एवं जिताऊ उम्मीदवार का चयन किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता और संगठन की मजबूती के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पूर्व मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 लाख रुपये प्रत्येक व्यक्ति के खाते में आने के वादे का जिक्र किया। उन्होंने कोरोना काल की सरकारी व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए ताली और थाली बजाने की अपील को लेकर सरकार को घेरा। वैक्सीन को लेकर भी उन्होंने अपने विचार और आरोप रखे। उन्होंने कहा कि आज ऊँचाहार की जनता बेरोजगारी, मँहगाई, और आवारा जानवरों से परेशान है। पाँच साल में एक भी बड़ा प्रोजेक्ट नही लगा।

इंद्रजीत सरोज ने रायबरेली जनपद में दलितों के साथ हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी किसी दलित के साथ अन्याय और अत्याचार हुआ है, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवारों की मदद कर उन्हें सहारा देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के सम्मान, अधिकार और न्याय की लड़ाई लड़ रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में ऊँचाहार से समाजवादी पार्टी को पांचवीं बार जिताने और प्रदेश में अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के संकल्प के साथ काम करने की अपील की।

कार्यक्रम को सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव, प्रदेश सचिव शिवमूर्ति सिंह राना, वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश मिश्रा, आकाश मौर्य, ब्लॉक प्रमुख शिवराम रावत, अरशद सुल्तान, पंकज रावत और युवा सपा नेता अखिलेश यादव, मदन यादव, ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती, विधानसभा अध्यक्ष जगदेव यादव, सोनिया वर्मा, अनीता रावत, रामदुलारी यादव, ममता यादव, महेश यादव, महेश गुप्ता, राजेन्द्र पासी, मिश्रीलाल पासी सहित हजारों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button