खेल सप्ताह: प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
बाल दिवस पर विजेताओं को मेडल भेंट किया सम्मानित

जसवंतनगर,इटावा। चौ. सुघर सिंह वर्ल्ड स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर आयोजित खेल सप्ताह का गुरुवार को उत्साह और हर्षोल्लास के बीच समापन हुआ। पूरे सप्ताह आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन व टीम भावना का प्रदर्शन किया।
खेल सप्ताह के दौरान हाउस-वाइज बैडमिंटन, खो-खो, फ्लैट रेस, रिले रेस, सैक रेस, हर्डल रेस और रस्साकशी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें सभी हाउस के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। खेल मैदान में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रबंधन सदस्य आरती यादव ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास,नेतृत्व क्षमता और सहयोग की भावना विकसित करते हैं।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। प्रधानाचार्य डॉ. यादव भरत सिंह कानसिंह ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन की ओर से मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विजेता विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान मनीष चौधरी,आस्था त्रिपाठी सहित विद्यालय का समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर स्टाफ मौजूद रहा।



