17 नवंबर को प्रकाशित होगी आलेख्य मतदाता सूची, 16 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां होंगी प्राप्त

जिलाधिकारी ने निर्वाचन अधिकारियों को दिए निर्देश, 30 नवंबर तक बीएलओ चलाएंगे घर-घर सत्यापन अभियान

गाजियाबाद। विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर को आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मोंदड़ ने कविनगर स्थित जानकी भवन में पांचों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों, एईआरओ और सुपरवाइजरों के साथ बैठक कर अभियान को पूरी शुद्धता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। वहीं, 17 से 30 नवंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। इसके अलावा 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बीएलओ अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे।

उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन कार्यों में लापरवाही न बरतने तथा अनावश्यक अवकाश नहीं लेने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण और कार्यों का सत्यापन करने को भी कहा।

जिलाधिकारी ने आमजन से ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड कर मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की। उन्होंने बताया कि सूची में नाम नहीं होने पर फॉर्म-6 तथा नाम या अन्य विवरण में संशोधन और मोबाइल नंबर जोड़ने के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। निर्वाचन कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

Related Articles

Back to top button