पचपन मेधावी छात्र हुए सम्मानित
प्रजापति महासंघ ने हाईस्कूल-इंटरमीडिएट के 80 प्रतिशत अंक पाने वाले सभी छात्रों को किया सम्मानित

जसवंतनगर,इटावा। अखिल भारतीय प्रजापति (कुम्भकार) महासंघ की इटावा शाखा के तत्वावधान में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित वेयरहाउस के समीप एक मैरिज होम में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 55 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हमीरपुर के भाजपा विधायक एवं महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को स्कूल बैग, प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। विधायक मनोज कुमार ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने से उनमें शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ती है और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। यही विद्यार्थी भविष्य में उच्च पदों पर पहुंचकर परिवार और समाज का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं। समाजहित में सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया जाना चाहिए, जिससे उनका मनोबल बढ़े।
इस मौके पर राष्ट्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष उषा प्रजापति,अमित प्रजापति,मंगल सिंह प्रजापति,विद्याराम प्रजापति,प्रदीप कुमार प्रजापति,राजेंद्र प्रजापति, ज्ञानदत्त,सुधीर कुमार, विश्वनाथ प्रजापति और माधुरी प्रजापति सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। अंत में महासंघ के जिलाध्यक्ष लज्जाराम प्रजापति ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया।


