कैफे की आड़ में चल रहा था हुक्का बार, चार गिरफ्तार

गाजियाबाद। राजनगर सेक्टर-3 स्थित एस्टोरिया ब्लूबोर्ड के बेसमेंट में कथित रूप से चल रहे हुक्का बार पर कविनगर पुलिस ने छापा मारकर चार युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर अफरातफरी मच गई और हुक्का बार से जुड़ा एक व्यक्ति फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार मौके से सात हुक्के, 10 पाइप, छह चिलम, फ्लेवरयुक्त तंबाकू के पैकेट व डिब्बे, कोयले के 27 डिब्बे, बिल बुक और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुकुल, मोहम्मद गुल्लू, दीपक कुमार और देवेंद्र के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक चारों युवक कैफे में हुक्का तैयार करने और ग्राहकों को परोसने का काम करते थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि ग्राहकों से रुपये लेने, बिल बनाने और हुक्का-तंबाकू समेत अन्य सामग्री की व्यवस्था कैफे का मालिक करता था। पुलिस फरार संचालक की तलाश के साथ मामले की जांच कर रही है।



