अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए किया गया सम्मानित

मानव, मशीन और मैटेरियल किसी भी कारखाने के विकास एवं विस्तार के महत्वपूर्ण आधार : रामन कृष्णन

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना लालगंज में नवाचार तथा उत्कृष्ट कार्य के लिए आरेडिका व फोर्ज्ड व्हील प्लाण्ट के 63 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने प्रधान विभागाध्यक्षों की गरिमामयी उपस्थिति में तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान में प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किया।

महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने सम्मानित होने वाले सभी कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मानव, मशीन और मैटेरियल किसी भी कारखाने के विस्तार एवं विकास के तीन महत्वपूर्ण आधार होते हैं जिनके ऊपर किसी कारखाने की प्रगति की बुलन्द इमारत का निर्माण होता है। ये तीनों एक दूसरे के पूरक होते हैं इन तीनों के बेहतर प्रबंधन से कोई कारखाना या फैक्ट्री नये-नये कीर्तिमान स्थापित कर सकता है। आगे उन्होने कहा कि नवाचार कहीं भी किया जा सकता है चाहे कारखाना हो, कार्यालय हो, हॉस्पिटल हो जितने नवाचार होंगे उतने ही समय, श्रम, और संसाधनों की बचत होगी।

अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, लगन और नए विचारों की बदौलत ही आरेडिका में लगातार गुणवत्ता संबंधी सुधार किए जा रहे है, जैसे मशीनों के ब्रेकडाउन टाइम को कम करना, कोचों में फिटमेंट से पहले ड्रेन पाइपों की विशेष जॉच करने, शेल शॉवर टेस्टिंग लीकेज रोकने, असेंवली फिक्चर को बहुउद्देशीय जिग में मॉडिफाइड करने, अण्डर वाटर प्लाज्मा स्क्रैप कटिंग एवं निस्तारण प्रक्रिया में सुधार करने, आरेडिका के फोर्ज्ड व्हील प्लाण्ट द्वारा एक माह में 9191 व्हीलों की फोर्जिंग जैसे कार्य शामिल हैं। इस प्रकार के नवाचार न केवल उत्पादन क्षमता को बढ़ाता है, बल्कि रेलवे को अधिक सुरक्षित और आधुनिक बनाने में भी मदद करता है।

सम्मानित हुए कर्मचारियों ने महाप्रबंधक और प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के सम्मान से उनका उत्साह दोगुना हो गया है। उन्होंने भविष्य में भी कारखाने की प्रगति के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प लिया।
आरेडिका प्रशासन के द्वारा आयोजित इस तरह के आयोजन अधिकारियों तथा कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने और उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह का समापन सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button