धरवार में शुरू होगा रामलीला महोत्सव

12 नवंबर तक होगा भव्य रामलीला का मंचन

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र के ग्राम धरवार में गुरुवार 5 नवंबर से ऐतिहासिक विराट रामलीला महोत्सव वर्ष 2026 का भव्य शुभारंभ होगा। श्री रामलीला समिति धरवार के तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह धार्मिक आयोजन 12 नवंबर तक चलेगा। महोत्सव में बीएल रामलीला मंडल धरवार के कुशल कलाकारों द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन लीलाओं का मंचन किया जाएगा। आयोजन हनुमान मंदिर के पास स्थित रामलीला मैदान में होगा।

कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी प्रदीप सिंह चौहान ने बताया कि रामलीला की सभी प्रमुख लीलाओं का मंचन प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम के अनुसार 5 नवंबर को गणेश पूजन, नारद मोह एवं रावण दिग्विजय, 6 नवंबर को रामजन्म, मुनि याचना एवं पुष्पवाटिका प्रसंग, 7 नवंबर को धनुष यज्ञ एवं सीता स्वयंवर का मंचन होगा। सीता स्वयंवर का कार्यक्रम रात्रि 8 बजे से भोर 3 बजे तक चलेगा।

इसी क्रम में 8 नवंबर को राम वनवास, केवट संवाद एवं दशरथ मरण, 9 नवंबर को सीता हरण एवं जटायु उद्धार, 10 नवंबर को सुग्रीव मैत्री, बालि वध एवं लंका दहन तथा 11 नवंबर को लक्ष्मण शक्ति, सती सुलोचना एवं रावण वध की लीला का मंचन किया जाएगा। 12 नवंबर को भव्य राजतिलक, समापन समारोह एवं रंगारंग कार्यक्रम के साथ महोत्सव का समापन होगा।

मीडिया प्रभारी ने बताया कि रामलीला महोत्सव का उद्घाटन जिला पंचायत सदस्य एवं विधायक प्रतिनिधि जसवंतनगर विश्वनाथ प्रताप सिंह सोनू यादव करेंगे। वहीं समापन समारोह में पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं विधायक प्रतिनिधि जसवंतनगर अनुज मोंटी यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।

महोत्सव को सफल बनाने के लिए गठित समिति में अभिनय समिति का निर्देशन अखिलेश कुशवाहा नेटवर्क इंजीनियर कर रहे हैं, जबकि मुख्य संचालक की जिम्मेदारी राज बहादुर प्रजापति संभाल रहे हैं। समिति में संरक्षक महेंद्र सिंह चौहान, अध्यक्ष मुनीम सिंह यादव, उपाध्यक्ष चक्रपाणि पाण्डेय, प्रबंधक अलख प्रकाश यादव एवं कोषाध्यक्ष शैलेंद्र यादव हैं। इनके साथ ग्राम धरवार के समस्त नागरिक एवं गणमान्य लोग आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

अंत में मीडिया प्रभारी प्रदीप सिंह चौहान एवं समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमियों से सपरिवार रामलीला मैदान पहुंचकर भगवान श्रीराम की पावन लीलाओं का आनंद लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

Related Articles

Back to top button