राजन जी महाराज की कथा में छोटा पड़ा विशाल पंडाल, भजनों पर झूमे भक्त

सुल्तानपुर। बल्दीराय ब्लॉक के सिंहनी स्थित अमृत गार्डन में चल रही श्रीराम कथा के चौथे दिन सोमवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज की अमृतवाणी सुनने के लिए हजारों महिला-पुरुष पहुंचे।भीड़ के आगे विशाल पंडाल छोटा पड़ गया।राजन जी महाराज के भजन पर श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे।
आयोजक शिवकुमार सिंह ने बताया कि करीब 50 हजार लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह ने सपरिवार व्यासपीठ का विधिवत पूजन कर प्रभु श्रीराम और हनुमान जी महाराज से क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।कथा के दौरान राजन जी महाराज ने महाराजा दशरथ के प्रजा-प्रेम,भगवान श्रीराम सहित चारों भाइयों के नामकरण और भगवान विष्णु-वृंदा-जालंधर के पौराणिक प्रसंगों का वर्णन किया।उन्होंने कहा कि धन-दौलत ही जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं है। सद्कर्म, परोपकार और प्रभु भक्ति ही जीवन को सार्थक बनाते हैं।महाराज के लोकप्रिय भजन ‘राजा जी खजानवां दे दा’ पर श्रद्धालु नाचने-झूमने लगे।जय श्री सीताराम के जयघोष से पूरा पंडाल राममय हो गया।कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।



